हरिद्वार:(जीशान मलिक) पुलिस विभाग से एक साथ तीन साथियों के रिटायर होने पर विभाग में भावुक माहौल रहा। सेवानिवृत्ति पर एक यादगार विदाई समारोह आयोजित किया गया।जिसमें विभाग के अधिकारी, साथी कर्मी और रिटायर हो रहे जवानों के परिजन भी मौजूद रहे।इस आयोजित समारोह में सेवाकाल के सुनहरे पलों को याद किया गया। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों को पुष्प माला पहनाकर, मोमेंटो और सम्मान पत्र देकर विदा किया गया। सभी ने उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
“सेवानिवृत्त हुए कर्मियों का विवरण”
1. मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिल कुमार त्यागी
मूल निवासी देहरादून। त्यागी ने 20.03.1987 को फायरमैन के पद से पुलिस विभाग में शुरुआत की। 1991 में फायर सर्विस चालक, 2016 में एफएसओ, 2022 में एफएसओ बने और इसी वर्ष मुख्य अग्निशमन अधिकारी के पद पर पदोन्नत हुए। सेवा के दौरान वे मुरादाबाद, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में तैनात रहे। अच्छे कार्यों के लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया गया।
2. अपर उप निरीक्षक अनिल कुमार सोनी
पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले सोनी 01.08.1989 को आरक्षी के पद पर भर्ती हुए। 2021 में मुख्य आरक्षी और 2023 में अपर उप निरीक्षक बने। हरिद्वार, चमोली और देहरादून में तैनाती के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें समय-समय पर पुरस्कृत किया गया।
3. मुख्य आरक्षी कुंवर पाल सिंह
मूल रूप से मुजफ्फरनगर निवासी कुंवर पाल पहले भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सेना से लौटने के बाद 2008 में वे आरक्षी के रूप में पुलिस विभाग से जुड़े और इसी वर्ष मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत हुए। भर्ती के बाद से वे लगातार जनपद हरिद्वार में ही तैनात रहे।
कार्यक्रम में मौजूद साथियों ने कहा कि विभाग को ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित अधिकारियों की कमी खलेगी। रिटायर होने वाले तीनों साथियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभाग को आगे भी सहयोग का भरोसा दिया।विदाई के मौके पर तालियों की गड़गड़ाहट और नम आंखों के बीच तीनों को नई पारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

