हरिद्वार:(चीफ एडिटर) माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं मार्जिन टू एक्सेस प्रोजेक्ट एनजीओ के संयुक्त तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के सभागार भवन में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन आज दिनांक 21.07.2026 को हुआ। कार्यक्रम में एलएडीसीएस, जिले के समस्त पैनल एवं प्रो-बोनो अधिवक्ताओं ने प्रतिभाग किया। यह प्रशिक्षण मार्जिन टू एक्सेस प्रोजेक्ट एनजीओ के सहयोग से प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक चला।
प्रथम सत्र में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987, एडवोकेट एक्ट एवं नालसा रेगुलेशन एक्ट के अंतर्गत पैनल अधिवक्ताओं के कार्य, कर्तव्य तथा विधि व्यवसाय में अपनाए जाने वाले एथिक्स कोड ऑफ कंडक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। द्वितीय सत्र में जिला शासकीय अधिवक्ता सिविल हरिद्वार दिनेश सिंह पंवार ने सिविल प्रक्रिया संहिता, सिविल वाद में वाद पत्र, उत्तर पत्र, रेपलिका, स्टे प्रार्थना पत्र एवं सिविल मामलों से संबंधित जानकारी प्रदान की। तृतीय सत्र में जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व हरिद्वार विजय पाल सिंह ने राजस्व मामलों, एलआर एक्ट एवं जेडए एक्ट के संबंध में अधिवक्ताओं को विस्तृत जानकारी दी।
चतुर्थ सत्र में एनजीओ के रिसोर्स पर्सन अस्वथी वर्गीस एवं दिशा चौधरी ने पैनल अधिवक्ताओं के समक्ष आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान पर अपने विचार व्यक्त किए। पंचम सत्र में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार ने प्रतिभागियों को आपराधिक कानूनी प्रक्रिया तथा सिविल वादों के क्षेत्राधिकार एवं मूल्यांकन संबंधी कानूनी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में समापन समारोह के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेन्द्र दत्त की अध्यक्षता में प्रशिक्षण का समापन हुआ। मुख्य अतिथि ने कहा कि दो दिवसीय प्रशिक्षण में रिसोर्स पर्सन एवं अन्य वक्ताओं द्वारा दी गई कानूनी जानकारी से अधिवक्ताओं के विधि व्यवसाय में निश्चित रूप से नई कौशल एवं ऊर्जा का संचार होगा। मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षण में सहभागिता करने वाले सभी रिसोर्स पर्सन एवं अधिवक्ताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा के माध्यम से सभी अधिवक्ताओं को नैतिक आचरण एवं कर्तव्यनिष्ठा के पालन की शपथ दिलाई गई। रजिया असिस्टेंट एलएडीसी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी अधिवक्ताओं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम एवं लॉ इंटर्न्स का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन रमन कुमार सैनी, डिप्टी एलएडीसीएस द्वारा किया या गया।

