हरिद्वार:(जीशान मलिक) कांवड़ यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर लगातार जीरो ग्राउंड पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में दोनों अधिकारियों ने मोतीचूर तक हाईवे का निरीक्षण कर डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती भीड़, वाहनों की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था एवं यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि डाक कांवड़ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, शौचालयों में साफ-सफाई तथा समुचित पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाईवे पर भारी वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बारिश के दृष्टिगत जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी के लिए समुचित प्रबंध किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। यातायात व्यवस्था को हर स्तर पर सुचारू बनाए रखा जाए। भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों को डाक कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखने तथा यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान शंकराचार्य चौक पर संचालित स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने वहां उपचार करा रहे कांवड़ियों से स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों को निर्देश दिए कि चोट लगने अथवा किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या के कारण शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ियों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 5 अगस्त से भारी वाहनों एवं दोपहिया वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। यातायात के दबाव को देखते हुए भारी वाहनों को बैरागी कैंप एवं दक्षद्वीप की ओर भेजा जा रहा है, जबकि दोपहिया वाहनों को गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, रोडीबेलवाला एवं पंतद्वीप पार्किंग में भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों पर वाहनों के प्रवेश एवं निकासी को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। एसएसपी ने पुलिस बल, सुरक्षा कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात का सुचारू संचालन, भीड़ का प्रभावी प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था को हर हाल में व्यवस्थित रखा जाए।जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन, यातायात व्यवस्था एवं रूट डायवर्जन से संबंधित निर्देशों का पालन करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहनों को पार्क करें, ताकि कांवड़ यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में सभी का सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एडिशनल एसपी रेनू लोहानी, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

