Breaking
13 Sep 2026, Sun

जनसेवा के जरिए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे शिवसेना : एकनाथ शिंदे

नई दिल्ली:(चीफ एडिटर) शिवसेना को आम जनता और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला संगठन बताते हुए पार्टी के मुख्य नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने देशभर के पदाधिकारियों से जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपने काम के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।नई दिल्ली में आयोजित विभिन्न राज्यों के शिवसेना प्रमुखों की समीक्षा बैठक में एकनाथ शिंदे ने संगठन विस्तार और आगामी गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में शिवसेना के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसूल के अलावा दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश समेत 15 राज्यों के राज्य प्रमुख एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल के अवसर पर शिवसेना की ओर से देश के 25 राज्यों में एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत करने का प्रयास करेगी।शिंदे ने सभी राज्य प्रमुखों को संगठन को मजबूत करने के लिए अगले दो महीने के भीतर अपने-अपने राज्यों का ठोस एक्शन प्लान तैयार कर पार्टी नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसमें संबंधित राज्यों की राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के साथ-साथ आगामी चुनावों को भी ध्यान में रखने को कहा गया।

उन्होंने सभी राज्यों में संगठनात्मक नियुक्तियां जल्द पूरी करने पर जोर दिया। राज्य स्तरीय पदाधिकारियों के साथ महिला अघाड़ी, युवासेना और अन्य संबद्ध संगठनों के पदाधिकारियों की नियुक्ति भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।एकनाथ शिंदे ने कहा कि पदाधिकारियों को जनता से जुड़े मुद्दों पर स्थानीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाएं, ठोस कचरा प्रबंधन, स्कूलों की मरम्मत और स्वच्छ शौचालय जैसी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यकर्ताओं को स्वयं पहल करनी चाहिए।

उन्होंने शिक्षा, खेल, रोजगार, महिला सुरक्षा एवं सशक्तीकरण, स्वास्थ्य, पानी, सड़क और कृषि जैसे मुद्दों को लेकर प्रभावी ढंग से काम करने के निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर आम जनता के न्यायसंगत अधिकारों के लिए शिवसेना की शैली में आंदोलन करने की बात भी कही।संगठन की पकड़ मजबूत करने के लिए आने वाले महीनों में विभिन्न राज्यों में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी को अंतिम गांव और अंतिम घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल के अवसर पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प भी लिया गया। इसके तहत देशभर में रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर, युवाओं के लिए रोजगार मेले तथा जरूरतमंद छात्रों को कॉपी-किताबें और शैक्षणिक सामग्री वितरित करने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना के पदाधिकारी केवल राजनीति के लिए नहीं, बल्कि समाजसेवा के लिए काम करते हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *