Breaking
16 Sep 2026, Wed

घटनास्थल से अब वैज्ञानिक तरीके से होंगे साक्ष्य संकलन — पुलिस को मिली एडवांस फॉरेंसिक किट और मोबाइल वैन

घटनास्थल से अब वैज्ञानिक तरीके से होंगे साक्ष्य संकलन — पुलिस को मिली एडवांस फॉरेंसिक किट और मोबाइल वैन

देहरादून,भगवा सनातन टाइम्स

अब किसी भी आपराधिक घटना के बाद मौके से भौतिक साक्ष्य संकलन का कार्य पहले से कहीं अधिक वैज्ञानिक और सटीक तरीके से होगा। देहरादून पुलिस लाइन में आज एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों को एडवांस क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट और मोबाइल फॉरेंसिक वैन की उपयोगिता व संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।

 

कार्यशाला में विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक साइंस लैब) से आए विशेषज्ञों ने पुलिस कर्मियों को घटनास्थल को सुरक्षित रखते हुए भौतिक साक्ष्यों के संकलन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया। वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रत्येक थाने पर अब “ऑल परपज क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन किट” उपलब्ध कराई गई है, जिससे साक्ष्यों को सुरक्षित, सीलबंद और दस्तावेजीकृत तरीके से एकत्रित किया जा सकेगा।

 

प्रशिक्षण में ड्रग डिटेक्शन, फिंगरप्रिंट, फुटप्रिंट, रक्त, बाल, रेशे, दस्तावेज़ तथा अन्य सूक्ष्म साक्ष्यों को इकट्ठा करने की विधियाँ सिखाई गईं। साथ ही मोबाइल फॉरेंसिक वैन का उपयोग कर मौके पर ही प्राथमिक विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्य संग्रहण के तरीकों की जानकारी दी गई।

 

एसएसपी देहरादून ने कार्यशाला के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि अपराध स्थल की विवेचना के दौरान क्राइम सीन किट और मोबाइल फॉरेंसिक वैन का अनिवार्य रूप से प्रयोग किया जाए, ताकि साक्ष्य सटीकता से संरक्षित रह सकें और जांच में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाया जा सके।

 

इस कार्यशाला का उद्देश्य पुलिस बल को अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों से लैस करना और अपराधों की विवेचना को सटीक व निष्पक्ष बनाना है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया को भी मज़बूती मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *