Breaking
28 Oct 2026, Wed

कुंभ-2027: कोर एरिया के निर्माण कार्यों में तेजी, नहरबंदी का होगा पूरा इस्तेमाल

हरिद्वार:(जीशान मलिक) कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने कमर कस ली है। गंगा नहरबंदी की अवधि का पूरा फायदा उठाते हुए कोर एरिया में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की।मेलाधिकारी ने कहा कि हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट और रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास योजना से जुड़े सभी घाटों के निर्माण और मरम्मत के काम युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं। नहरबंदी के दौरान ये काम दिन-रात चलाए जाएंगे, ताकि समय पर काम खत्म हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी कार्यस्थल पर मजदूरों, मशीनों और संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कार्यदायी संस्थाएं पहले से ही पूरी तैयारी रखें। साथ ही इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई ट्रिपल-सी) के लिए भूमिगत केबल बिछाने का काम भी इसी अवधि में पूरा किया जाए। सड़क और पुलों के काम में भी तेजी लाने को कहा गया है।मेलाधिकारी ने निगरानी व्यवस्था और सख्त करते हुए कहा कि अब स्थायी कार्यों की तरह अस्थायी कार्यों और आई ट्रिपल-सी के कार्यों की भी रोजाना समीक्षा होगी। सभी वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से मौके पर जाकर काम की प्रगति देखेंगे और गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी एजेंसी से भी कराई जाएगी। जहां भी काम धीमा मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई होगी।

बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, सीओ कुंभ उमेश मलिक, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह समेत सिंचाई, लोक निर्माण सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *