हरिद्वार/झबरेड़ा:(जीशान मलिक) नारसन ब्लॉक की ग्राम पंचायत सढौली की बेटी काजल सैनी ने उत्तराखंड पीसीएस-2024 में सफलता हासिल कर एसडीएम पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। काजल सैनी वर्तमान में उत्तराखंड सचिवालय में सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) के पद पर कार्यरत हैं। अक्टूबर 2025 में ARO पद पर चयन के बाद भी उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और पीसीएस की तैयारी जारी रखी।
काजल के पिता रामकुमार सैनी किसान हैं, जबकि माता राजदुलारी गृहिणी हैं। साधारण किसान परिवार से निकलकर प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने की उनकी कहानी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। काजल की प्रारंभिक शिक्षा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय लंढौरा में हुई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 की उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में वह साक्षात्कार तक पहुंची थीं, लेकिन अंतिम चयन सूची में स्थान नहीं मिल पाया था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।
काजल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों व निरंतर अध्ययन को दिया है। उनका कहना है कि तैयारी के दौरान उन्होंने सेल्फ स्टडी पर सबसे अधिक भरोसा किया। इंटरनेट मीडिया व अन्य व्यर्थ गतिविधियों से दूरी बनाकर उन्होंने पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित रखा। काजल का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए धैर्य, अनुशासन और निरंतरता सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

