रुड़की:(जीशान मलिक)भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की ने रविवार को प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर संवेदनशील प्रकरण को लेकर भ्रामक प्रचार और झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनभावनाओं को भड़काने का प्रयास कर रही है, जिसका पार्टी कड़ा विरोध करती है।प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, मेयर अनीता देवी अग्रवाल और राज्य मंत्री विनोद उनियाल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
डॉ. मधु सिंह ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने वैज्ञानिक, तकनीकी और निष्पक्ष जांच के बाद जो तथ्य सामने रखे हैं, वे कांग्रेस के आरोपों से पूरी तरह भिन्न हैं। संवेदनशील मामलों को राजनीतिक रंग देकर जनता को भ्रमित करना दुर्भाग्यपूर्ण है।मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन बिना तथ्यों के भ्रम फैलाना भी गंभीर है।राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने कहा कि पुलिस जांच में फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और चिकित्सकीय परीक्षणों के आधार पर अहम निष्कर्ष सामने आए हैं। कांग्रेस सत्य जाने बिना राजनीतिक लाभ के लिए असंतोष फैला रही है, जो निंदनीय है।भाजपा नेताओं ने जनता से अपील की कि संवेदनशील मामलों में केवल प्रमाणित तथ्यों पर विश्वास करें। सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों से फैल रहे अपुष्ट दावों से समाज में तनाव बढ़ता है। मीडिया से भी तथ्यपरक रिपोर्टिंग की अपील की गई।
प्रेस वार्ता के अंत में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीलकमल शर्मा ने कहा कि पार्टी महिलाओं की सुरक्षा, न्याय व्यवस्था की निष्पक्षता और कानून के शासन के पक्ष में खड़ी है। कांग्रेस के दुष्प्रचार का भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।इस दौरान सावित्री मंगला, प्रवेश प्रिया, बृज मोहन सैनी, संजय अरोड़ा, सौरभ गुप्ता, सचिन झबरेड़ी, पंकज नंदा, अंकित गौतम, मंजू रावत, वीरमती यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

