हरिद्वार:(चीफ एडिटर)राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार एकड़ कलां स्थित अंबेडकर भवन में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव (फेज-1) का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार सिविल जज (एसडी)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार सिमरनजीत कौर ने अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी, एडीओ, ग्राम प्रधान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत भवन में लीगल एड क्लिनिक (विधिक सहायता क्लिनिक) की स्थापना की गई। अधिकारियों ने बताया कि क्लिनिक के माध्यम से जरूरतमंद और पात्र लोगों को कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही 60 दिवसीय अभियान के उद्देश्यों और इसकी कार्यप्रणाली के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में नालसा की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनके दिशा-निर्देशों से भी लोगों को अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जो किसी कारणवश सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से तैनात पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) एवं अधिकार मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ये कार्यकर्ता गांव में घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और लोगों को नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके साथ ही पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे।अधिकारियों ने कहा कि 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के माध्यम से ग्रामीण स्तर तक विधिक सेवाओं की पहुंच मजबूत करने के साथ ही जरूरतमंद लोगों को न्याय और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

