Breaking
11 Oct 2026, Sun

इक्कड़ कलां में विधिक जागरूकता एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के तत्वावधान में 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत ग्राम इक्कड़ कलां, ब्लॉक बहादराबाद में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता, जनसहायता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही विधिक सेवा प्राधिकरण का संकल्प है। उन्होंने नालसा अधिनियम 1987 की धारा 12 के तहत महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों एवं निर्धन वर्ग को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी।परिवार न्यायालय रुड़की के न्यायाधीश बी.बी. पाण्डेय ने कहा कि हरिद्वार जिले में सभी न्यायिक अधिकारी पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, जिससे न्यायपालिका के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है।

एसएसपी ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए आपातकालीन नंबर 112, वुमेन हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है।शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह की देखरेख में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित की गईं। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर राशन कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, प्रमाण पत्र सहित कल्याणकारी योजनाओं के आवेदन मौके पर ही भरवाए गए।

कार्यक्रम में सभी न्यायिक अधिकारीगण एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अंत में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर ने सभी का आभार व्यक्त किया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *