ऋषिकेश:(मनन ढींगरा)ऋषिकेश में आयोजित ऑल इंडिया ट्रेडिशनल सोताकाई कराटे चेम्पियनशिप में नागपुर (महाराष्ट्र) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68 मैडल जीतकर ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। वहीं नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल) की टीम 25 मैडल के साथ उपविजेता रही और हरियाणा की टीम ने 16 मैडल के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। “बेस्ट टीम ऑफ चेम्पियनशिप” का खिताब मेजबान ऋषिकेश की टीम को मिला।
गुमानिवाला स्थित डीएसबी स्कूल में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के एक दर्जन से अधिक राज्यों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्तराखंड कराटे एकेडमी के संरक्षक व समाजसेवी डॉ. राजे नेगी, माउंट कार्मल स्कूल नरेंद्रनगर के प्रधानाचार्य सुनील सिंह, समाजसेवी डॉ. अक्षत गोयल और अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं प्रतियोगिता संयोजक राजेंद्र गुप्ता ने विजेता व उपविजेता टीमों को मैडल, सर्टिफिकेट, किट बैग और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. राजे नेगी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हारने वाले खिलाड़ियों को निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि अपनी ऊर्जा को अगली प्रतियोगिता की तैयारी में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन होना गर्व की बात है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी बड़ा मंच मिल रहा है। डॉ. नेगी ने खेलों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं में खेल के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ा है।
चेम्पियनशिप के संयोजक और उत्तराखंड कराटे एकेडमी के अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने जानकारी दी कि पहली बार नेशनल लेवल की कराटे प्रतियोगिता का आयोजन ऋषिकेश के ग्रामीण क्षेत्र में किया गया, जिसमें जूनियर और सीनियर दोनों श्रेणियों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।

