Breaking
19 Sep 2026, Sat

उर्स की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, डीएम से जांच की मांग 

पिरान कलियर:(रागिब नसीम) दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। उर्स मेला क्षेत्र में कथित तौर पर जगह-जगह फैली गंदगी और कूड़े के ढेर को लेकर सभासद नाजिम त्यागी ने जिलाधिकारी हरिद्वार को शिकायत पत्र भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर निगम रुड़की के माध्यम से उर्स मेले के दौरान सफाई व्यवस्था के लिए किए गए इंतजाम धरातल पर अपेक्षा के अनुरूप नजर नहीं आए। मेला क्षेत्र के कई स्थानों पर कूड़े के ढेर, नालियों में जमा गंदा पानी तथा सड़कों के किनारे कूड़ा-मलबा पड़ा होने की बात शिकायत में कही गई है। इससे उर्स में देशभर से पहुंचे जायरीन और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सभासद नाजिम त्यागी का कहना है कि उर्स के दौरान सफाई व्यवस्था के नाम पर 30 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं दिखाई दी। शिकायत में दरगाह साबिर पाक के अलावा दरगाह इमाम साहब और दरगाह कीलिकली साहब क्षेत्र में भी नियमित सफाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले का भौतिक सत्यापन कराकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक संबंधित ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने और टेंडर की शर्तों के अनुरूप कराए गए सफाई कार्यों का सत्यापन कराने की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि जांच में सफाई व्यवस्था में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके साथ ही उर्स के दौरान सफाई व्यवस्था पर खर्च की गई धनराशि और कराए गए कार्यों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है।अब देखने वाली बात होगी कि जिलाधिकारी स्तर से शिकायत का संज्ञान लेकर मामले में क्या कार्रवाई की जाती है और जांच में सफाई व्यवस्था को लेकर लगाए गए आरोप कितने सही पाए जाते हैं।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *