
देहरादून:(जीशान मलिक) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को हरिपुर कालसी स्थित माँ यमुना तट पर भव्य आयोजन हुआ। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 2100 दीपों से यमुना तट रोशन किया गया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साधु-संतों और श्रद्धालुओं के साथ माँ यमुना की महाआरती की। इस दौरान उन्होंने माँ यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और माँ यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया।सीएम धामी ने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा 7.52 करोड़ की लागत से निर्मित भव्य स्नान घाट को जनता को समर्पित किया।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि देहरादून-चकराता हाईवे-507 पर स्थित यह 170 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा घाट श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाया गया है। घाट पर नदी की ओर 5 मीटर ऊंची दो आरसीसी सुरक्षा दीवारें, 2 पक्के प्लेटफॉर्म, आरती के लिए 4 विशेष स्थल और नदी तक उतरने के लिए सीढ़ियां बनाई गई हैं।घाट पर 25 सोलर लाइटें, 12 बेंच, शेड, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और 300 मीटर लंबी स्टेनलेस स्टील रेलिंग लगाई गई है।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि यहां पहले साप्ताहिक आरती होती थी, लेकिन अब नये घाट पर रोजाना आरती की सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि हरिपुर कालसी जौनसार-भाबर का प्रवेश द्वार है और इसके पास अशोक शिलालेख, देवस्थल मंदिर जैसे ऐतिहासिक स्थल हैं। नए घाट से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

