Breaking
17 Sep 2026, Thu

फीस के अभाव में छूटी पढ़ाई, दर-दर भटक रहा था रुद्र प्रताप; प्रशासन ने थामा हाथ

हरिद्वार:(जीशान मलिक) पारिवारिक प्रताड़ना और आर्थिक तंगी के चलते शिक्षा से दूर हुए रुद्र प्रताप नेगी के लिए जिला प्रशासन मददगार बनकर सामने आया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर बाल कल्याण समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने बालक की सुरक्षा, पुनर्वास और शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की है। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद रुद्र प्रताप को बाल गृह में सुरक्षित आश्रय दिलाने के साथ ही गुरु राम राय स्कूल में उसका दाखिला कराया गया है।जानकारी के अनुसार, रुद्र प्रताप की माता के निधन के बाद उसके पिता नशे की गिरफ्त में चले गए। इसके बाद पारिवारिक परिस्थितियां लगातार बिगड़ती चली गईं। आर्थिक संकट और पारिवारिक प्रताड़ना के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित हुई और विद्यालय की फीस जमा नहीं होने के चलते वह दसवीं की परीक्षा से भी वंचित रह गया।

मिली जानकारी के अनुसार बताया गया कि रुद्र प्रताप के पिता और उनके भाई द्वारा पुश्तैनी मकान बेच दिए जाने के बाद उसके सामने रहने का संकट भी खड़ा हो गया। सुरक्षित ठिकाना नहीं होने के कारण बालक को दर-दर भटकना पड़ा। आखिरकार उसने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बाल कल्याण समिति को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। समिति की रिपोर्ट के आधार पर बालक के हित में आवश्यक कदम उठाते हुए उसे बाल गृह में शिफ्ट कराया गया, जहां उसे सुरक्षित वातावरण और आवश्यक संरक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।वहीं, रुद्र प्रताप की पढ़ाई दोबारा शुरू कराने के लिए प्रशासन ने पूर्व विद्यालय से टीसी जारी करवाने की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद उसका गुरु राम राय स्कूल में दाखिला कराया गया। प्रशासन के इस कदम से शिक्षा से दूर हो चुके बालक को दोबारा पढ़ाई से जुड़ने का अवसर मिला है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रुद्र प्रताप की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में रह रहे बच्चों को आवश्यक संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि पारिवारिक अथवा आर्थिक परिस्थितियों के कारण किसी बच्चे की शिक्षा और भविष्य प्रभावित न हो।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *