Breaking
29 Jul 2026, Wed

उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए प्रशासन सतर्क, प्रिंसिपल समेत 3 सॉल्वर गिरफ्तार

यूपी:(जीशान मलिक)उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए तीन सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया। गाजीपुर में प्रिंसिपल विंध्याचल यादव को भी गिरफ्तार किया गया, जो 40,000 रुपये लेकर नकल करवा रहे थे।

गाजीपुर में प्रिंसिपल गिरफ्तार

गाजीपुर के करूवी बहलोलपुर स्थित भगेलू दास इंटर कॉलेज में एसटीएफ वाराणसी यूनिट ने छापेमारी की। जांच में पता चला कि कक्षा 12वीं में शुभम यादव की जगह शिवम यादव नाम का युवक परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल फोन, हाईस्कूल इंग्लिश का प्रश्न पत्र, उत्तर पुस्तिका, ओएमआर शीट और अन्य कागजात बरामद हुए।

आजमगढ़ और जौनपुर में भी पकड़ा गया सॉल्वर

आजमगढ़ के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज, कोयलसा में भी हाईस्कूल इंग्लिश की परीक्षा के दौरान सॉल्वर पकड़ा गया। यहां आशीष कुमार की जगह पंकज नाम का युवक परीक्षा दे रहा था। उसे गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, जौनपुर के नरेंद्र बहादुर सिंह इंटर कॉलेज, घघरिया में इंटरमीडिएट बायोलॉजी की परीक्षा के दौरान मनीष यादव की जगह साहस यादव परीक्षा देते पकड़ा गया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

प्रयागराज में कक्ष निरीक्षक नकल करवाते पाए गए

प्रयागराज के मदारी मऊआइमा स्थित कड़ेदीन सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में भी कार्रवाई हुई। यहां दूसरी शिफ्ट में इंटर मैथ और बायोलॉजी की परीक्षा चल रही थी। औचक निरीक्षण के दौरान कक्ष निरीक्षक वेद व्यास मिश्र नकल करवाते पाए गए। उनके पास से 7 पन्नों का सॉल्व पेपर मिला। आरोप है कि वे प्रश्नों के उत्तर लिखकर परीक्षार्थियों को बोलकर लिखवा रहे थे। इस मामले में वेद व्यास मिश्र और केंद्र व्यवस्थापक बृजराज के खिलाफ थाना मऊआइमा में FIR दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *