हरिद्वार:(चीफ एडिटर)उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) युवाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में रविवार को एसएमजेएन पीजी कॉलेज, हरिद्वार स्थित अध्ययन केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम और निशुल्क पुस्तक मेला लगाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि UOU के अपर निदेशक प्रो. एमएम जोशी ने बताया कि विश्वविद्यालय गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्र जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र जनवरी 2026 में छात्र संख्या 40,000 से अधिक हो चुकी है, जो UOU की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है। प्रो. जोशी ने परामर्श सत्रों की महत्ता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ. शिव कुमार चौहान ने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा का महत्व बताकर किया। UOU के डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों और शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। आगामी सत्र में और छात्रों को जोड़ने का लक्ष्य है।इस दौरान विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक सत्र में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश और रोजगारपरक कोर्स की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में UOU द्वारा विभिन्न पाठ्यक्रमों की पुस्तकें निशुल्क वितरित की गईं। पुस्तक वितरण समन्वयक डॉ. दीपांकर जोशी ने कहा कि विद्यार्थियों के ज्ञान विस्तार के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम होंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा, “उच्च शिक्षा में युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है। UOU का प्रयास सराहनीय है।” उन्होंने बताया कि प्रवेश, परीक्षा या असाइनमेंट की समस्या के लिए छात्र अध्ययन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
इस मौके पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी, डॉ. लता शर्मा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. पुनिता शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

