Breaking
21 Sep 2026, Mon

हरिद्वार में इंटक प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक, श्रमिक हितों पर लिए गए अहम फैसले

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) की उत्तराखंड प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को भेल सेक्टर-3 स्थित इंटक कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, श्रमिक अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा को लेकर कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए।बैठक का शुभारंभ पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि देकर किया गया। यह राजबीर सिंह चौहान के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली कार्यकारिणी बैठक थी। इस दौरान कार्यकारिणी सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

बैठक में तय किया गया कि प्रदेश के सभी जिलों, औद्योगिक क्षेत्रों और स्थानीय इकाइयों में संगठन का विस्तार और पुनर्गठन किया जाएगा। संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के श्रमिकों को संगठन से जोड़कर उनके हितों की आवाज उठाई जाएगी।प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह चौहान ने कहा कि संगठन का लक्ष्य हर जिले और हर औद्योगिक क्षेत्र तक पहुंच बनाना है। उन्होंने कहा कि श्रमिक उद्योग की सबसे बड़ी ताकत हैं, यदि श्रमिक सुरक्षित नहीं है और उसे सम्मानजनक वेतन नहीं मिलता तो औद्योगिक विकास अधूरा है। इंटक श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।

महासचिव संगठन ए.पी. अमोली ने कहा कि जिला और स्थानीय इकाइयों को सक्रिय कर श्रमिकों की वास्तविक समस्याओं का डेटा तैयार किया जाएगा, ताकि सरकार और विभागों के सामने तथ्यात्मक रूप से पक्ष रखा जा सके।बैठक में न्यूनतम मजदूरी का भुगतान, समय पर वेतन, रोजगार सुरक्षा, सुरक्षित कार्यस्थल, स्वास्थ्य, बीमा, पेंशन और मृतक आश्रितों को रोजगार जैसे विषयों पर प्रभावी पहल करने का निर्णय लिया गया।

बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान अनिल कुमार, जनार्दन सिंह, साधुराम, महेंद्र शर्मा, संतोष सिंह, मनोज पंत, कलीम अहमद, नवीन गिरी, लवेंदर चिल्वाल, गुरदयाल, वीरेंद्र सिंह नेगी, रविनंदन कुमार, जगदीश बहुगुणा, अनूप सिंह बिष्ट, अमन सियाल सहित सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *