Breaking
13 Sep 2026, Sun

असरा के नाम से गरमाया छात्रसंघ चुनाव, ABVP के दांव से NSUI में हलचल

बहादराबाद:(जीशान मलिक) राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की ओर से छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए असरा का नाम सामने आने के बाद चुनावी माहौल में नया मोड़ आ गया है। असरा की संभावित उम्मीदवारी को लेकर महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के बीच चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

छात्र नेता लुकमान ने असरा की उम्मीदवारी को लेकर मोर्चा संभालते हुए कहा कि असरा ABVP के माध्यम से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की इच्छुक हैं। संगठन की ओर से उन्हें मैदान में उतारने का निर्णय होने पर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनाव अभियान में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि ABVP संगठन के निर्णय के अनुरूप मजबूत उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारकर जीत के लिए पूरी रणनीति के साथ काम करेगा।लुकमान के मुताबिक छात्रसंघ के अन्य पदों के लिए भी कई छात्र-छात्राओं ने अपनी दावेदारी पेश की है, हालांकि अभी किसी अन्य पद के लिए नामों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के निर्णय के बाद जल्द ही अन्य उम्मीदवारों के नाम सामने आने की संभावना है।

वहीं, ABVP के जिला संगठन मंत्री अमन तोमर ने कहा कि संगठन में उम्मीदवार का चयन केवल दावेदारी के आधार पर नहीं किया जाता, बल्कि उसकी जमीनी सक्रियता, छात्रहित के मुद्दों पर भूमिका और छात्रों के बीच स्वीकार्यता को भी प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को मजबूती से उठाने और छात्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ता को ही चुनाव मैदान में उतारने पर विचार किया जाएगा।

असरा का नाम सामने आने के बाद NSUI खेमे में भी हलचल की चर्चा है। लुकमान ने दावा किया कि NSUI की ओर से अध्यक्ष पद के लिए पहले सामने आए नाम में बदलाव को लेकर संगठन के भीतर मंथन चल रहा है। हालांकि, NSUI की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।लुकमान ने कहा कि “इस बार नारी शक्ति की हुंकार होगी और नारी अध्यक्ष बनेगी।” उन्होंने कहा कि ABVP अधिक से अधिक छात्राओं को चुनावी मैदान में अवसर देने का प्रयास करेगी, ताकि महाविद्यालय की बेटियां नेतृत्व की भूमिका में आगे आएं और छात्रहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं।

छात्रसंघ चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही अब विभिन्न छात्र संगठनों की गतिविधियां और दावेदारियों के बीच मुकाबला और दिलचस्प होने के आसार हैं।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *