Breaking
27 Aug 2026, Thu

अजमेर में 26 अगस्त को गूंजेगा ईद मिलादुन्नबी का पैगाम, निकलेगा भव्य जुलूस

राजस्थान अजमेर:(जीशान मलिक)ख्वाजा गरीब नवाज की सरजमीं अजमेर एक बार फिर रूहानी माहौल और सूफियाना रंग में रंगने जा रही है। 26 अगस्त को शहर में 1501वां जश्ने ईद मिलादुन्नबी मनाया जाएगा। इस अवसर पर भव्य जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया जाएगा। जुलूस को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

अंजुमन कमेटी के सेक्रेट्री सैयद कलीमुद्दीन चिश्ती और सूफी इंटरनेशनल के सेक्रेट्री नवाब हिदायतुल्लाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जुलूस को शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जुलूस में डीजे लगी पिकअप और आतिशबाजी पर प्रतिबंध रहेगा।आयोजकों ने लोगों से अपील की कि वे जश्ने ईद मिलादुन्नबी के इस मुबारक मौके पर अदब और अनुशासन के साथ शामिल हों और पूरे जुलूस के दौरान अमन व भाईचारे की मिसाल कायम करें। नौजवानों से इस्लामी लिबास में जुलूस में शामिल होने की अपील की गई है।

जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था रहेगी। लंगर और शरबत वितरण के स्थानों पर डस्टबिन लगाए जाएंगे, ताकि जुलूस के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और जायरीन व आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अगस्त को सुबह 9 बजे जुलूस ढाई दिन के झोपड़े से रवाना होगा। इसके बाद कमानी गेट, दरगाह बाजार होते हुए दरगाह शरीफ की ओर बढ़ेगा। जुलूस धान मंडी, दिल्ली गेट और गंज से होकर आगे जाएगा तथा दोपहर करीब एक बजे चिल्ला कुतुब साहब पहुंचेगा।

चिल्ला कुतुब साहब पहुंचने के बाद शहर काजी तौसीफ अहमद सिद्दीकी की ओर से मुल्क और शहर में अमन-चैन के लिए दुआ कराई जाएगी। आयोजकों ने सभी लोगों से जुलूस में अनुशासन बनाए रखने और शांतिपूर्ण ढंग से शामिल होने की अपील की है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *