Breaking
27 Aug 2026, Thu

घाट पर चीख-पुकार, तेज धार में बहा युवक; मुस्तैद जवानों ने थामी जिंदगी की डोर

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) 758वें सालाना उर्स मेले के दौरान जायरीनों की सुरक्षा को लेकर कलियर पुलिस और आपदा राहत दल की मुस्तैदी एक बार फिर काम आई। रविवार दोपहर गंगनहर घाट पर स्नान करते समय पानी के तेज बहाव की चपेट में आए 24 वर्षीय युवक को 40 पीएसी आपदा राहत दल के जवानों ने त्वरित कार्रवाई कर सकुशल बाहर निकाल लिया।

बताया गया कि साहिल (24) पुत्र फुरकान, निवासी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश रविवार दोपहर करीब 2:20 बजे कलियर गंगनहर घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर के तेज बहाव में बहने लगा। युवक को बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। युवकों के शोर मचाने पर घाट पर तैनात आपदा राहत दल तत्काल हरकत में आया और बिना समय गंवाए रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।युवक को सकुशल बचाने के बाद आपदा राहत दल ने उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हादसे के दौरान पुलिस और आपदा टीम की तेजी से की गई कार्रवाई की स्थानीय लोगों और जायरीनों ने सराहना की।

उर्स मेले को देखते हुए गंगनहर घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। पुलिस और आपदा राहत दल की ओर से श्रद्धालुओं को लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। श्रद्धालुओं से रेलिंग पकड़कर स्नान करने, गहरे पानी में न जाने और तेज बहाव के बीच नहर पार करने का प्रयास नहीं करने को कहा जा रहा है। साथ ही किनारे पर रहकर स्नान करने की हिदायत दी जा रही है।रेस्क्यू अभियान में एसआई इखलाक मलिक, हेड कांस्टेबल विशाल सिंह, कांस्टेबल मनवर नेगी और कांस्टेबल हरीश सुंदरियाल के साथ 40 पीएसी आपदा राहत दल की टीम मौजूद रही।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *