रूड़की:(जीशान मलिक) 84 उत्तराखंड बटालियन एनसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय, मंडावर में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के तहत कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए।इस अवसर पर कप्तान स्वप्निल जैन, 51 आर्टिलरी ने कैडेट्स को अग्निवीर योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, प्रशिक्षण, सेवा अवधि, भविष्य की संभावनाओं और भारतीय सशस्त्र सेनाओं में उपलब्ध गौरवपूर्ण अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को सेना में उत्कृष्ट करियर बनाने की मजबूत नींव देता है। अनुशासन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना प्रत्येक कैडेट का लक्ष्य होना चाहिए।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में भगवानपुर के क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय ने “साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल माध्यमों पर सतर्क रहने के उपाय बताए। उन्होंने कैडेट्स से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।शिविर प्रशासन ने बताया कि ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यानों का उद्देश्य कैडेट्स को समसामयिक विषयों से अवगत कराकर उन्हें जिम्मेदार, जागरूक और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बनाना है।
व्याख्यान में शानवी, ज्योति सैनी, वेदांश त्यागी, देवांश गोयल, आशुतोष पाठक, अरहान अनीस सहित बड़ी संख्या में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की।

