Breaking
6 Jun 2026, Sat

Uttarakhand में कुदरत का कहर: बादल फटने की खबर, उफान पर नदियां

चमोली ,जिशान मालिक भगवा सनातन टाइम्स

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बीते दो दिनों से आसमान कुछ ज़्यादा ही बेरहम हो गया है। तेज़ बारिश ने ज़मीन को थर्रा दिया है, और अब हालात हर बीतते पल के साथ और भी भयावह होते जा रहे हैं।

चमोली जिले से जो खबर आ रही है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाली है। नन्दप्रयाग के पास बादल फटने की सूचना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है, और फिलहाल जनहानि की कोई खबर नहीं है, लेकिन हालात बेहद नाजुक हैं।

 

इससे पहले, कल थराली क्षेत्र में हुई मूसलधार बारिश ने तबाही मचा दी थी। रामलीला मैदान के पास उफनते गदेरे ने जैसे पूरे इलाके को निगलने की ठान ली थी। मलबे का रेला इतनी तेज़ी से नीचे आया कि दो गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं। नेशनल हाईवे तक इसकी मार से नहीं बच पाया और कुछ देर के लिए बंद हो गया। बीआरओ की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद रास्ता फिर से खोला।

लेकिन खतरा यहीं नहीं थमा।

आज रुद्रप्रयाग में भी बारिश ने विकराल रूप ले लिया है। केदारघाटी में बादल ऐसे बरसे कि बरसाती नदियां और गदेरे उफान पर आ गए। पानी की गर्जना और पहाड़ियों से टूटते पत्थरों की आवाज़ ने जैसे हर किसी का दिल दहला दिया। केदारनाथ हाईवे भी बंद हो चुका है, जिससे हजारों यात्रियों की रफ्तार थम गई है।

प्रशासन अलर्ट पर है, लेकिन आसमान से गिरती आफत ने सबको सांस रोक कर इंतज़ार करने पर मजबूर कर दिया है—अगला पल क्या लेकर आएगा, कोई नहीं जानता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *