Traffic Police बनी मुखदर्शक, डबल फाटक पर जाम से जूझते लोग
मुरादाबाद,आलम अंसारी/फ़ैज़ान ख़ान ,भगवा सनातन टाइम्स
मुरादाबाद के डबल फाटक स्थित पीर का बाज़ार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। रोटन चौराहे पर अवैध ऑटो की भरमार के चलते रोज़ाना जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस इस गंभीर समस्या के प्रति मुखदर्शक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी कुर्सियाँ लगाकर बैठ जाते हैं और ट्रैफिक को नियंत्रित करने की कोई कोशिश नहीं करते। वहीं सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि ये अवैध ऑटो कथित दलालों के संरक्षण में धड़ल्ले से चल रहे हैं। ट्रैफिक विभाग और प्रशासन की लापरवाही से न सिर्फ सड़कों पर अव्यवस्था फैली है, बल्कि परमिटधारी ऑटो चालकों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
चिंता की बात यह है कि ये अवैध ऑटो लोहे से कच्चे तरीके से मॉडिफाई कर बनाए जाते हैं। इनमें न परमिट होता है, न फिटनेस सर्टिफिकेट और न ही बीमा — जो कि मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का खुला उल्लंघन है। ऐसे वाहनों से सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है।

प्रशासन को जहां ट्रैफिक जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है, वहीं आरटीओ विभाग को भी राजस्व का बड़ा नुकसान हो रहा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या मुरादाबाद के आरटीओ को इन अवैध ऑटो के बारे में जानकारी नहीं है, या जानकारी होते हुए भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही?
जनता की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अवैध ऑटो पर रोक लगाने की ठोस योजना बनाई जाए।

