Breaking
6 Jun 2026, Sat

Rishikesh में पार्किंग विवाद के बाद सिख समाज की भावनाएं आहत, आरोपी पार्षद ने गुरुद्वारे में मांगी माफी

Rishikesh में पार्किंग विवाद के बाद सिख समाज की भावनाएं आहत, आरोपी पार्षद ने गुरुद्वारे में मांगी माफी

(मनन ढींगरा)ऋषिकेश, 4 मार्च: ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के सर्वहारा नगर, काले की ढाल स्थित एक बुलेट शोरूम के बाहर हुए पार्किंग विवाद ने तूल पकड़ लिया। इस विवाद में स्थानीय पार्षद और उनके समर्थकों की बुलेट शोरूम मालिक से झड़प के दौरान सिख समाज के व्यक्ति की पगड़ी के साथ बेअदबी हो गई, जिससे समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया।

इस घटना के विरोध में सिख समाज के लोगों ने कोतवाली ऋषिकेश में प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि पार्षद वीरपाल, कैलाश और सूरज की गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान जारी था।

इस बीच, सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचने के कारण पार्षद वीरपाल अपने अन्य दो साथियों के साथ गुरुद्वारे पहुंचे और ग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास कर माफी मांगी। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो जारी कर सिख संगत और समाज के अनुयायियों से हाथ जोड़कर क्षमा याचना की।

कांग्रेस के पूर्व मेयर प्रत्याशी दीपक प्रताप जाटव ने इस माफी के वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया और बताया कि ऋषिकेश बुलेट शोरूम विवाद में जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, उसके लिए आरोपी गुरुद्वारे जाकर माफी मांग चुके हैं। पार्षद वीरपाल, कैलाश और सूरज ने गुरु महाराज के चरणों में अरदास कर इस पाप से मुक्त करने की प्रार्थना की।

मामले को लेकर पुलिस अभी भी जांच में जुटी है, जबकि स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *