हरिद्वार:(जीशान मलिक) उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (NRMU) हरिद्वार इकाई ने मंडल सचिव धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार को कर्मचारियों से जुड़ी 7 प्रमुख मांगों का विस्तृत ज्ञापन सौंपा। यूनियन ने ग्रुप इंश्योरेंस, दिव्यांग कर्मियों को प्रमोशन में आरक्षण, रिकवरी की समस्या समेत कई मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में यूनियन ने कहा कि मौजूदा ग्रुप इंश्योरेंस स्कीम में वेतन से सिर्फ ₹30 की कटौती होती है, जो बेहद कम है। बीमा राशि बढ़ाने या किसी प्रभावी बीमा कंपनी से योजना को जोड़ने की मांग की गई, ताकि कर्मचारियों और आश्रितों को बेहतर लाभ मिल सके।
NRMU ने कहा कि न्यायालय के निर्देशों के बावजूद रेलवे में दिव्यांग कर्मचारियों को पदोन्नति में 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा। यूनियन ने इसे गंभीरता से लागू करने की मांग उठाई।यूनियन ने प्रशासनिक त्रुटियों के चलते वेतन से कटौती और रिटायरमेंट पर बड़ी रिकवरी पर चिंता जताई। कर्मचारियों को अनावश्यक आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए स्पष्ट व्यवस्था की मांग की। साथ ही अनुकंपा नियुक्ति में पारदर्शिता लाने और पात्र आश्रितों को योग्यता अनुसार नौकरी देने को कहा।
ज्ञापन में योगनगरी ऋषिकेश स्टेशन और उत्तराखंड रेलखंड में कार्यरत कर्मचारियों के लिए रेलवे आवास व स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की मांग प्रमुखता से रखी गई। सेवानिवृत्त कर्मियों को रेल सुविधा पास में आ रही तकनीकी दिक्कत दूर कर मैनुअल पास व्यवस्था बहाल करने को कहा गया।विभिन्न विभागों में बाहरी स्रोतों से हो रही भर्तियों पर कर्मचारियों की नाराजगी का जिक्र करते हुए लंबे समय से कार्यरत कर्मियों के हितों की रक्षा की मांग की गई। वहीं काम के डिजिटलीकरण के बीच निरीक्षकों और अधिकारियों को टैबलेट या लैपटॉप देने की मांग भी शामिल रही।
मंडल सचिव धर्मवीर सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष प्रियंद्र पाल, आकाश कुमार, मोहम्मद मसरूफ खान, रवि थापा ने कहा कि यूनियन को भरोसा है कि रेलवे बोर्ड अध्यक्ष कर्मचारियों के हित में इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। यूनियन ने उत्तराखंड आगमन पर सतीश कुमार का स्वागत करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।

