आपदा सेवा व मानवता का प्रतीक है रेड क्रॉस : एसएमजेएन कॉलेज की टीम को मिला प्रथम पुरस्कार
हरिद्वार, 29 अगस्त 2025
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, हरियाणा द्वारा पंजाबी धर्मशाला, कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राज्यीय यूथ रेड क्रॉस ट्रेनिंग कार्यक्रम से प्रशिक्षित होकर लौटी एस.एम.जे.एन. पी.जी. महाविद्यालय की यूथ रेड क्रॉस इकाई का आज महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया।
महाविद्यालय की ओर से रेड क्रॉस नोडल अधिकारी यादविंदर सिंह के नेतृत्व में बी.ए. छात्र अमन पाठक तथा बी.एस.सी. छात्र दिव्यांशु नेगी, दिव्यांशु गैरोला, विकास और निशांत सिंह ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर रक्तदान शतकवीर ओम प्रकाश गुप्ता ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
नोडल अधिकारी यादविंदर सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान छात्रों ने सीपीआर, फायर मैनेजमेंट तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के लक्की स्टार सत्र में महाविद्यालय को प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं जिला नोडल अधिकारी रेड क्रॉस प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि “रेड क्रॉस एक ऐसा वैश्विक नेटवर्क है, जो आपदा और सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट के समय त्वरित सहायता प्रदान करता है तथा मानवीय मूल्यों का संवर्धन करता है। आज हमें सामूहिक रूप से मानवता की सेवा के लिए कार्य करने की आवश्यकता है।”
प्रो. बत्रा ने यह भी अवगत कराया कि पूरे गढ़वाल मंडल से केवल एस.एम.जे.एन. कॉलेज की टीम ने इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो. विनय थपलियाल, डॉ. मनोज कुमार सोही, डॉ. शिवकुमार चौहान, वैभव बत्रा, विनीत सक्सेना, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. पल्लवी, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. पद्मावती तनेजा, डॉ. मनीषा पांडे एवं डॉ. अनुरिशा सहित अनेक प्राध्यापक उपस्थित रहे।

