Breaking
6 Jun 2026, Sat

पालिका अध्यक्ष के खिलाफ SIT जांच की मांग, सभासद रॉबिन ने जारी किया सात सूत्रीय मांग पत्र

पालिका अध्यक्ष के खिलाफ SIT जांच की मांग, सभासद रॉबिन ने जारी किया सात सूत्रीय मांग पत्र

हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स

13जून 2025,नगर पालिका शिवालिक नगर के सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने पालिका में व्यापक भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच की मांग की है। उन्होंने 22 जून को धरना प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।

प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सभासद अमरदीप सिंह रॉबिन ने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई है, जहां अधिकारी अपने हिसाब से फाइलें आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अधिकारी के हस्तक्षेप से हुई बोर्ड बैठक की कार्यवाही अब तक सभासदों को उपलब्ध नहीं कराई गई है और विरोध करने वाले सभासदों को डराया-धमकाया जा रहा है।

अमरदीप सिंह रॉबिन ने आरोप लगाया कि जिन वार्डों में सभासद भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, वहां सफाई और अन्य विकास कार्य जानबूझकर नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने फर्जी टेंडर और बिना काम के ठेकेदारों को भुगतान किए जाने की भी बात कही।

उन्होंने कहा कि नगर में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है, कूड़ा निस्तारण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, सड़कों की हालत खस्ताहाल है और सीवर ओवरफ्लो की समस्या आम हो चुकी है।

प्रेसवार्ता में सभासद ने सात सूत्रीय मांग पत्र भी जारी किया, जिसमें प्रमुख रूप से निम्न मांगें शामिल हैं:

  1. पालिका अध्यक्ष की संपत्ति और आय की जांच एसआईटी से कराई जाए।
  2. बीएचईएल में लगे यूनिपोल की वैधता की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
  3. भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों की सूची सार्वजनिक की जाए।
  4. बोर्ड बैठक की कार्यवाही सभी सभासदों को दी जाए।
  5. कूड़ा प्रबंधन और पेयजल नीति को सार्वजनिक किया जाए।
  6. पालिका अध्यक्ष द्वारा सभासदों और जनता के प्रति की जा रही अभद्र भाषा पर रोक लगे।
  7. नगर पालिका की कार्यप्रणाली में जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

इस प्रेसवार्ता में सभासदों के साथ तरुण व्यास, मोहित डिमरी, अतुल गोसाईं, गौतम राणा, हिमांशु रावत और शिशुपाल पोखरियाल भी उपस्थित रहे।

सभासद रॉबिन ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो 22 जून को बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *