
रुड़की:(जीशान मलिक) महेवड़ से पिरान कलियर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर हालात बद से बदतर हो चुके हैं। निर्माणाधीन पुल के पास सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क अब सड़क नहीं, बल्कि तालाब नजर आ रही है।आलम यह है कि सड़क पर एक ओर से दूसरी ओर पानी बह रहा है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पा रहा है, जिससे रोजाना बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं।


“रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही, पर सुध लेने वाला कोई नहीं”

आपको बता दें कि महेवड़-कलियर मार्ग कोई छोटा-मोटा रास्ता नहीं है। इस मार्ग से दर्जनों गांवों के लोग रोजाना रोजगार, शिक्षा और इलाज के लिए रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में आते-जाते हैं। यही नहीं, विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए आने वाले हजारों जायरीन भी इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं।जायरीनों और स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कई महीनों से पुल का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और ठेकेदार द्वारा सड़क की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। हल्की सी बारिश में ही सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और PWD विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क के गड्ढों को भरकर आवाजाही को सुगम बनाया जाए, नहीं तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

