Breaking
6 Oct 2026, Tue

बहन और उसके प्रेमी की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

हरिद्वार:(जीशान मलिक) झबरेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम झबरेड़ी कलां में बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार ने अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना पुत्र अशोक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक सूरज की उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है। घटना के बाद मृतक के पिता अशोक की तहरीर पर कोतवाली झबरेड़ा में आरोपी अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोहरे हत्याकांड में वांछित आरोपी अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम नहर पुल पिकेट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा।पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।घायल की पहचान दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी अमन उर्फ भरोसी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

“प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या की बात कबूली”

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन रुपा और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग होने तथा इससे परिवार और समाज में बदनामी होने की आशंका के चलते दोनों की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस तथा धारा 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

” यह सामान हुआ बरामद”

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस द्वारा बरामद हथियार और वाहन के संबंध में भी आवश्यक जांच की जा रही है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *