Breaking
7 Oct 2026, Wed

जिला योजना समिति चुनाव की तैयारियां शुरू, मतदाता सूची का कार्यक्रम जारी

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की अधिसूचना के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला योजना समिति के रिटर्निंग अधिकारी मयूर दीक्षित ने नगर निकायों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों की निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए समय-सारिणी जारी कर दी है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधि 10 सितंबर तक नामावली का निरीक्षण कर दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 12 सितंबर को किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा।

जिला योजना समिति के निर्वाचन के लिए नगर निगम हरिद्वार, नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर, नगर निगम रुड़की, नगर पंचायत पाडली गुज्जर, रामपुर, बेहड़ेकी सैदाबाद, नगर पालिका परिषद मंगलौर, नगर पंचायत झबरेड़ा, नगर पालिका परिषद लक्सर, नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर, लण्ढौरा, पिरान कलियर, भगवानपुर और इमलीखेड़ा के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों की निर्वाचक नामावली तैयार की जाएगी।जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने बताया कि दावा एवं आपत्ति दाखिल करने तथा उनके निस्तारण की पूरी प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, हरिद्वार में संपन्न होगी। उन्होंने संबंधित नगर निकायों, तहसीलों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन कार्यक्रम को अपने-अपने कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में निर्वाचक नामावली का अवलोकन करें और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कराएं। प्रशासन का उद्देश्य अंतिम मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और नियमानुसार तैयार करना है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *