मंगलौर:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) कांवड़ यात्रा के दौरान घर से दूर फंसे एक श्रद्धालु के लिए मंगलौर पुलिस फरिश्ता बनकर आई। मोबाइल गुम होने से परेशान कांवड़िए का फोन महज 14 घंटे में तलाश कर उसे सौंप दिया गया।दिनांक 29 जुलाई 2026 को थाना कोतवाली मंगलौर पहुंचे रोहतक, हरियाणा निवासी रोहित मल्होत्रा ने बताया कि रुड़की से मंगलौर के बीच यात्रा के दौरान उनका मोबाइल कहीं गिर गया। फोन में बैंक अकाउंट की डिटेल, घरवालों के नंबर और गूगल पे, फोन पे जैसी ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा थी। नगदी भी नहीं होने के कारण रोहित खाने-पीने की चीजें तक नहीं खरीद पा रहा था और काफी परेशान था।
हरिद्वार पहुंचे कांवड़िए की परेशानी को देखते हुए कोतवाली मंगलौर पुलिस ने पहले उसके खाने का इंतजाम कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने फोन की लोकेशन ट्रेस करने के लिए तुरंत काम शुरू किया। प्रयासों के बाद पता चला कि मोबाइल की लोकेशन रुड़की क्षेत्र में है। वहां संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर पुलिस ने फोन बरामद किया।करीब ₹40,000 कीमत के मोबाइल के वापस मिलने पर रोहित ने राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस का आभार जताया। उसने कहा कि अंजान जगह पर मदद मिल जाने से उसकी यात्रा बिना रुकावट पूरी हो सकी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। छोटी-छोटी मदद से ही यात्रियों का भरोसा बढ़ता है।फिलहाल रोहित अपना मोबाइल लेकर सकुशल आगे की यात्रा पर रवाना हो गया है।

