Breaking
2 Aug 2026, Sun

हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुले, वार्षिक यात्रा का विधिवत शुभारंभ

हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुले, वार्षिक यात्रा का विधिवत शुभारंभ

मनन ढींगरा, ऋषिकेश | 25 मई

सिख आस्था के प्रमुख तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट आज प्रातः विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही श्री हेमकुंड साहिब की वार्षिक यात्रा का भी औपचारिक शुभारंभ हो गया है।

शनिवार को गोविन्दघाट गुरुद्वारे से ‘पंच प्यारों’ की अगुवाई में पहला जत्था भारी सुरक्षा व्यवस्था, बैंड-बाजों की धुन और पवित्र निशान साहिब के साथ रवाना हुआ था। जत्थे ने रात्रि विश्राम घांघरिया गुरुद्वारे में किया। आज सुबह श्रद्धालु “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों के साथ हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए और निर्धारित शुभ मुहूर्त में कपाट खोले गए।

सिख श्रद्धालुओं के इस प्रमुख स्थल के साथ-साथ हिंदू आस्था से जुड़े लोकपाल मंदिर (लक्ष्मण मंदिर) के कपाट भी विधिवत पूजा-पाठ के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं।

हर वर्ष मई-जून में आरंभ होकर अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए चमोली पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। यात्रा मार्ग के मुख्य पड़ावों पर SDRF की टीमें भी तैनात की गई हैं।

चमोली पुलिस ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए श्रद्धालुओं का हार्दिक स्वागत करते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित और सफल यात्रा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

इस मौके पर हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र बिंद्रा ने यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए थानाध्यक्ष विनोद रावत और चौकी प्रभारी घांघरिया अमनदीप सिंह को सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *