
हरिद्वार:(जीशान मलिक)जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने की।जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 88 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 45 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया है।शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से संबंधित थीं।


ज्वालापुर हरिलोक कॉलोनी फेस-1 में आवासीय भवनों में व्यवसायिक गतिविधि और सुरक्षा दीवार तोड़कर बाहरी वाहनों के आवागमन की शिकायत।लाल वाला खालसा में ग्राम समाज की भूमि खसरा नंबर 88 पर अतिक्रमण का मामला।सैदपुर की विद्या देवी ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की।बेगमपुर इंडस्ट्रियल एरिया की 60 फीट सड़क पर 4-5 साल से जलभराव और टूटी सड़क का मुद्दा उठा।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई की शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें, लापरवाही पर कार्रवाई होगी।सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई। पोर्टल पर एल-1 की 267 और एल-2 की 89 शिकायतें 36 दिन से अधिक समय से लंबित हैं, जिन्हें शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम वित्त वैभव गुप्ता, सीएमओ डॉ. आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

