हरिद्वार:(चीफ एडिटर)स्थानीय महाविद्यालय के सभागार में वाणिज्य वर्ग (बी.कॉम) के नवप्रवेशित छात्रों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष आदेश त्यागी रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीकॉम के छात्र-छात्राओं अनुष्का, स्वाति, सृष्टि, प्रिंस, चैतन्य, शिखर आदि ने अतिथियों व नए विद्यार्थियों का माल्यार्पण और तिलक कर स्वागत से किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आदेश त्यागी ने छात्रों को करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए समय प्रबंधन सबसे अहम है। साथ ही युवाओं को उपलब्ध संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। आदेश त्यागी ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए कहा कि इस महाविद्यालय के प्राध्यापक शिक्षा जगत की श्रेष्ठ प्रतिभाओं में से हैं और यह नए छात्रों के लिए सौभाग्य की बात है।
प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने छात्रों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने क्विज़ के माध्यम से समझाया कि जीवन में एटीट्यूड यानी दृष्टिकोण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति और अनुशासन से ही विद्यार्थी अपने जीवन में ऊँचाई प्राप्त कर सकते हैं।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष विनय थपलियाल ने कार्यक्रम का संचालन किया। उन्होंने नई पीढ़ी को बदलाव का वाहक बताते हुए छात्रों से रचनात्मक सोच और सकारात्मक दिशा में जीवन आगे बढ़ाने की अपील की।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को आनंद और कर्तव्य के बीच संतुलन बनाने की सीख दी। इस अवसर पर डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. मनोज कुमार सोही, अंकित बंसल, डॉ. गीता शाह, आस्था आनंद, कविता छाबड़ा, डॉ. रिंक्ल गोयल, ऋचा मिनोचा, विवेक बंसल सहित कई प्राध्यापक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक के रूप में डॉ. रिंक्ल गोयल और डॉ. ऋचा मिनोचा रहे। समापन बीए पंचम वर्ष की छात्राओं चारु और टिया द्वारा गीत प्रस्तुति तथा मतदाता शपथ के साथ हुआ।
दीक्षारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और पूरे आयोजन में उत्साह का वातावरण रहा।

