हरिद्वार:(चीफ एडिटर)जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा आयोजित पैरा लीगल वॉलंटियर्स (PLVs) यानी अधिकार मित्रों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को विकास भवन सभागार में संपन्न हुआ। समापन समारोह में जिला जज नरेंद्र दत्त मुख्य अतिथि और डीएम मयूर दीक्षित विशिष्ट अतिथि रहे।
समारोह में जिला जज/अध्यक्ष DLSA नरेंद्र दत्त ने प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीखे गए कानूनी ज्ञान को समाज में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रचारित करें। स्थाई लोक अदालत की अध्यक्षा नीतू जोशी ने कहा कि देश की बड़ी आबादी आज भी न्यायिक बारीकियों से अनभिज्ञ है। अधिकार मित्रों की नैतिक जिम्मेदारी है कि न्याय की आवाज अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाएं। 
डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकार मित्रों से आह्वान किया कि बिना जातीय या वर्ग भेदभाव के समाज के सभी लोगों को समान रूप से कानूनी जानकारी दें। प्रथम अपर जिला जज नीलम रात्रा बोलीं- आम जनता और अदालत के बीच की दूरी कम करने का काम अधिकार मित्र करें। सिविल मामलों को कोर्ट आने से पहले मध्यस्थता से सुलझाने में सेतु बनें।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार ने कहा कि पीएलवी का मुख्य कार्य आम जनता को अत्यंत सरल भाषा में सामान्य कानूनी प्रक्रियाओं से अवगत कराना है।प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने जन-कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। अंत में अतिथियों ने प्रशिक्षित अधिकार मित्रों को प्रशस्ति पत्र, पहचान पत्र और टूल किट वितरित किए। DLSA सचिव सिमरनजीत कौर ने आभार जताते हुए कहा कि अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
इस आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, रिटेनर अधिवक्ता सीमा, लॉ इंटर्न अपूर्वा चौधरी, सोमा शरण सहित DLSA का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

