
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आवासीय क्षेत्रों में संचालित दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीलिंग तथा तोड़ने की कार्रवाई के भय से शिवालिक नगर के व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी को लेकर आज शिवालिक नगर के समस्त व्यापारी शिवालिक नगर व्यापार मंडल (रजि.) के अध्यक्ष विभास सिन्हा के नेतृत्व में एकजुट होकर रानीपुर विधानसभा के विधायक आदेश चौहान के माध्यम से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले।व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी चिंता रखते हुए कहा कि इस आदेश से सैकड़ों व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। दुकानें सील होने से परिवारों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी।


इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों की पूरी बात गंभीरता से सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और व्यापारियों की समस्या का जल्द से जल्द उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने इस दौरान शिवालिक नगर व्यापार मंडल द्वारा व्यापारियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अपनी समस्याओं को संगठित एवं लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के सामने रखना एक सकारात्मक पहल है।

अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष विभास सिन्हा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं विधायक आदेश चौहान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिवालिक नगर के व्यापारी एकजुट हैं और अपने अधिकारों व रोजी-रोटी की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

