
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) एस.एम.जे.एन. पी.जी. कॉलेज, हरिद्वार में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूकता के लिए स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता का विषय ‘पौष्टिक आहार’ रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक स्लोगनों के माध्यम से संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व समझाया। विद्यार्थियों ने फल, हरी सब्जियों के सेवन और नियमित दिनचर्या अपनाने का संदेश दिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुर्वेद रत्न डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि भोजन केवल ऊर्जा का माध्यम नहीं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा, “स्वस्थ जीवन के लिए बड़े बदलाव की जरूरत नहीं, छोटी-छोटी आदतों में सुधार से ही बड़ा परिणाम मिलता है। समय पर जागना, सोना और संतुलित भोजन स्वस्थ जीवनशैली का आधार है।”महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा, “संतुलित आहार अपनाना जीवन को स्वस्थ बनाने की पहल है। बदलती जीवनशैली में विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूक होना जरूरी है।”

अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय माहेश्वरी ने नारा दिया – “कुपोषण जड़ से मिटाना है, सुपोषण की लहर चलाना है।” कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पदमावती तनेजा ने कहा “जैसा अन्न, वैसा मन” – खानपान का असर तन के साथ मन पर भी पड़ता है।प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. पल्लवी, डॉ. मीनाक्षी एवं डॉ. रेनू सिंह ने किया। परिणामों में अलीशा ने प्रथम, साधना एवं दिव्या नौटियाल ने संयुक्त द्वितीय और मयूरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की सह-संयोजक डॉ. पुनीता शर्मा रहीं। अंत में राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. गौरव अग्रवाल, रिचा मिनोचा, रिंकल गोयल, डॉ. गीता शाह, अंकित बंसल सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक एवं छात्र मौजूद रहे।

