Breaking
26 Aug 2026, Wed

साइबर ठगी से बचाव के लिए एनसीसी कैडेट्स को किया जागरूक

रुड़की:(जीशान मलिक) फोनिक्स विश्वविद्यालय, इमलीखेड़ा में 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में चल रहे प्री थल सेना शिविर में बुधवार को साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक देहात, हरिद्वार शेखर सुयाल ने एनसीसी कैडेट्स को साइबर अपराधों से बचाव, इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल और सोशल मीडिया पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।शेखर सुयाल ने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। खासकर युवाओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कैडेट्स को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध संदेशों का जवाब नहीं देने और किसी भी व्यक्ति से पासवर्ड, ओटीपी, निजी जानकारी अथवा बैंक संबंधी विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी।

उन्होंने महिला कैडेट्स को विशेष रूप से साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश देते हुए कहा कि मोबाइल में एप्लीकेशन केवल विश्वसनीय स्रोत से ही डाउनलोड करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप इंस्टॉल न करें। उन्होंने मलाला यूसुफजई के जीवन से जुड़े प्रसंग का उल्लेख करते हुए छात्राओं को जागरूक, आत्मविश्वासी और सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।एसपी देहात ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में फोटो, वीडियो और आवाज में भी आसानी से बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में इंटरनेट पर मिलने वाली हर जानकारी को सच मानने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कैडेट्स से इंटरनेट का उपयोग ज्ञानवर्धन और जरूरत के लिए करते हुए साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने का आह्वान किया।

कैंप कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि कैडेट्स को जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनाना भी है। साइबर सुरक्षा आज प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कैडेट्स अपने परिवार और समाज में भी साइबर जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह ने डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने पर जोर दिया। उन्होंने कैडेट्स से स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

इस दौरान कैंप एडजुटेंट कैप्टन सुशील कुमार आर्य, कैप्टन आलोक कंडवाल, फर्स्ट ऑफिसर संजीव कुमार, सेकंड ऑफिसर सुशील कुमार, सेकंड ऑफिसर रेणु देवी, ऑनरेरी लेफ्टिनेंट अमर सिंह, सूबेदार सुभाष चंद्रा, बीएचएम केशवानंद, हवलदार पूर्ण सिंह, ईएसएम सत्येंद्र सिंह, ईएसएम सुबोध कुमार, मंगल सिंह, गोविंद सिंह और प्रशिक्षण अधीक्षक रवि कपूर सहित एनसीसी अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स ने साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *