सभासदों की अभद्रता के विरोध में सफाई कर्मचारियों का नौवें दिन भी प्रदर्शन, रैली निकाल जताया आक्रोश
शिवालिक नगर (हरिद्वार), भगवा सनातन टाइम्स
शिवालिक नगर में बीते 9 दिनों से कुछ ऐसा खदबदा रहा है, जिसने पूरे नगर प्रशासन को सोच में डाल दिया है। नगर पालिका के कुछ सभासदों द्वारा आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों से की गई कथित अभद्रता ने अब एक बड़ा आंदोलन का रूप ले लिया है—और यह आंदोलन अब रुकने का नाम नहीं ले रहा।

मंगलवार को अचानक ही नगर की गलियों में सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। उनके हाथों में तख्तियां थीं, आंखों में रोष, और आवाज़ों में वह दर्द था जो 9 दिन से भीतर ही भीतर उबल रहा था। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले निकली इस रैली ने नगर को हिला कर रख दिया।

“अब और नहीं!”यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र तेश्वर और महामंत्री राजेंद्र श्रमिक ने साफ शब्दों में कहा—यदि सभासदों ने तुरंत सार्वजनिक रूप से खेद नहीं जताया, तो यह आंदोलन सिर्फ शिवालिक नगर तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अब सफाई कर्मचारियों को अपमानित करने वालों को जवाब देना होगा—जनता के सामने, प्रशासन के सामने।
रैली में हर कदम पर गूंजते नारे बता रहे थे कि यह महज एक विरोध नहीं, एक चेतावनी है। रैली में सन्नी टाक, अजीत कुमार, संजय, गौतम, सनी, रूपा, उमावती, अर्जुन, अमन त्रिपाठी, कविता, जसविंदर समेत दर्जनों नाम शामिल थे—हर चेहरा एक कहानी बयां कर रहा था।
पालिका अध्यक्ष के दरवाजे पर दस्तक रैली के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा से मिलकर पूरी स्थिति सामने रखी। वहां जो बातचीत हुई, उसने कई सवाल खड़े कर दिए। क्या सभासदों को उनके व्यवहार का अहसास है? क्या वे माफी मांगेंगे?
पालिका अध्यक्ष ने सफाई कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा ।

