Breaking
28 Oct 2026, Wed

सड़क हादसों के पीड़ितों को मिलेगा कैशलेस इलाज, PM-RAHAT योजना के प्रचार पर डीएम ने दिया जोर

हरिद्वार:(जीशान मलिक) सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित PM-RAHAT योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में विगत दिवस सीसीआर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र दुर्घटना पीड़ितों को इसका लाभ सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुलिस, स्वास्थ्य एवं सूचना विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि PM-RAHAT योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति और उनके परिजन समय रहते योजना की जानकारी प्राप्त कर सकें और उपचार का लाभ उठा सकें।

उन्होंने विशेष रूप से जनपद के अस्पतालों में फ्लेक्स, बैनर एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए योजना की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दुर्घटना के बाद अस्पताल पहुंचने वाले पीड़ितों एवं उनके परिजनों को तत्काल यह जानकारी मिलनी चाहिए कि योजना के तहत पात्र लोगों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना का लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी पात्र व्यक्ति को जानकारी के अभाव में योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में दुर्घटना पीड़ितों को समयबद्ध चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और योजना के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *