पिरान कलियर:थाना पिरान कलियर क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक किशोरी का शव शनिवार शाम मोहम्मदपुर झाल से बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है
“27 मई से लापता थी किशोरी”
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव की रहने वाली किशोरी बीती 27 मई को खेत में काम करने के लिए घर से निकली थी।लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की।लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर किशोरी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
इसी बीच शनिवार शाम को पुलिस को मोहम्मदपुर झाल में एक शव होने की सूचना मिली, जिसकी शिनाख्त लापता किशोरी के रूप में हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है।परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

