Breaking
3 Aug 2026, Mon

जिला प्रेस क्लब ने मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस, स्वामी प्रबोधानंद ने कहा- AI युग में भी प्रिंट मीडिया जरूरी

हरिद्वार:(जीशान मलिक) हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार रजि. द्वारा शनिवार को अवधूत मंडल आश्रम में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत समाज, पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों ने हिंदी पत्रकारिता के योगदान और चुनौतियों पर मंथन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद, महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद, स्वामी नागेंद्र महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यव्रतानंद, महामंडलेश्वर स्वामी सहजानंद पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी आदि योगी पुरी, जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया व महामंत्री अनिल बिष्ट ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने फूलमाला और शॉल ओढ़ाकर संतों व अतिथियों का स्वागत किया।

अध्यक्षता करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि महाराज ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है और एक सशक्त कलम समाज को नई दिशा देने का कार्य करती है। निष्पक्ष एवं सत्यनिष्ठ पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि एआई के आने के बावजूद प्रिंट मीडिया और अखबारों का महत्व कभी कम नहीं होगा।अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। सच्ची पत्रकारिता समाज में जागरूकता और परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है। महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी एवं स्वामी नागेंद्र महाराज ने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकारों को पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। 

जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लगभग दो शताब्दी पूर्व पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने ‘उदन्त मार्तण्ड’ साप्ताहिक का प्रकाशन कर हिंदी पत्रकारिता की नींव रखी थी। समय के साथ यह नींव लगातार मजबूत हुई। पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अब डिजिटल व सोशल मीडिया के दौर में भी हिंदी पत्रकारिता का महत्व बना हुआ है।

महामंत्री अनिल बिष्ट ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के गौरव को बनाए रखने का दायित्व नई पीढ़ी के पत्रकारों पर है। तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता करते हुए अपने दायित्व को निभाना चाहिए।

इस अवसर पर मुमताज आलम खान, राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, त्रिवेश जयमनी, अशोक पांडे, मोहन राजा, सनोज कश्यप, मोहम्मद नदीम सलमानी, सागर कुमार, रोहित वर्मा, सद्दाम हुसैन, गणेश भट्ट, सर्वेंद्र कुमार, दीपक झा, भानू पाण्डेय, फुरकान अंसारी, रूचि डोलिया, उपासना तेश्वर, ऋतिक कुमार, प्रखर कश्यप, मनोज कश्यप, मनव्वर कुरेशी, मुस्कान राजपूत, जीशान मलिक,शिप्रा अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, समाजसेवी अतुल शर्मा, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार व गणमान्य मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *