Breaking
29 May 2026, Fri

श्मशान घाट निर्माण पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप का बड़ा बयान

श्मशान घाट निर्माण पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप का बड़ा बयान

हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स

10 जुलाई 2025 ग्राम अजीतपुर के बहुचर्चित श्मशान घाट निर्माण कार्य को लेकर आज प्रेस क्लब हरिद्वार में ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि बीते 15-20 वर्षों में वे पहले ऐसे ग्राम प्रधान हैं जिन्होंने स्थायी श्मशान घाट के निर्माण की नींव रखी।

प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र लिखकर श्मशान घाट की आवश्यकता जताई थी। बाद में उन्हें ज्ञात हुआ कि नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत अजीतपुर में श्मशान घाट बनाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने अधिकारियों से भेंट कर कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की और लेखपाल द्वारा निरीक्षण के बाद चयनित भूमि पर निर्माण कार्य प्रारंभ भी हो गया।

हालांकि, कुछ समय बाद सिंचाई विभाग द्वारा ग्राम प्रधान के नाम एक नोटिस भेजा गया जिसमें कार्य रुकवाने और अधूरे निर्माण को हटाने की बात कही गई। इस पर ग्राम प्रधान ने न्यायालय का रुख किया और पूछा कि जब कार्य नमामि गंगे द्वारा कराया जा रहा है तो केवल ग्राम प्रधान को ही पार्टी क्यों बनाया गया।

बाद में जिला न्यायालय से एक और नोटिस प्राप्त हुआ जिसमें नरेश गुप्ता नामक व्यक्ति ने उस भूमि को निजी बताया और निर्माण रोकने की मांग की। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस द्वारा निर्माण कार्य को अनिश्चितकाल तक रोक दिया गया है।

ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने सरकार से आग्रह किया कि ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान किया जाए और श्मशान घाट निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए ताकि गांव के लोगों को इस मूलभूत सुविधा से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने इसे विकास कार्यों में अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *