Breaking
5 Jun 2026, Fri

वार्ड-13 में विकास की नई लकीर: राजीव शर्मा ने किया नाले का शिलान्यास, गणेश विहार तक मिलेगा फायदा

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) नवोदय नगर वार्ड नं. 13 स्थित सिद्धार्थ एनक्लेव में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। नगर पालिका शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने आज बहुप्रतीक्षित नाले के निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष का आभार जताया और इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा, “नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। सिद्धार्थ एनक्लेव व आसपास के इलाकों में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या लगातार बनी रहती थी। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य को स्वीकृति देकर निर्माण शुरू कराया गया है।”

राजीव शर्मा ने बताया कि इस नाले के निर्माण से सिद्धार्थ एनक्लेव, गणेश विहार फेस-1 एवं गणेश विहार फेस-2 के हजारों निवासियों को जल निकासी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। “बरसात में सड़कों-गलियों में पानी भरने की समस्या कम होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। हमारा उद्देश्य सिर्फ निर्माण नहीं, बल्कि जनता को बेहतर वातावरण देना है।”नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है। “नगर पालिका भी उसी संकल्प के साथ सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना मेरी प्राथमिक जिम्मेदारी है। विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।”उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम में सिद्धार्थ एनक्लेव के अध्यक्ष योगेश चौहान, गणेश विहार के अध्यक्ष मनोज कुमार सेन, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष वतन वर्मा, भानु प्रताप, संचित डागर, अंकित सिंह, राहुल गुर्जर, प्रदीप चौहान, वीरेंद्र सिंह पासवान, संतोष बिष्ट समेत दीपा सिंह, बिना कोटनाला, प्रीति शर्मा, किरन रावत, बबीता रानी, गुड्डी गोसाई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने नाले के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *