रुड़की:(जीशान मलिक)मोहनपुरा रोड स्थित आर्यन होटल के एक कमरे में आज सुबह युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मंगलौर क्षेत्र के रहने वाले थे और 28 मई की रात होटल में रुके थे। शुक्रवार को सुबह जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो होटल स्टाफ ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। कमरा खोलने पर दोनों बिस्तर पर चित पड़े मिले और मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया जहर खाने से मौत की आशंका जताई है।कोतवाली रुड़की पुलिस को आज 112 के माध्यम से सूचना मिली कि आर्यन होटल मोहनपुरा में एक लड़का-लड़की 28 मई की रात कैमरा लेकर रुके थे, जो अब कमरा नहीं खोल रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की मय फोर्स व उच्चाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। होटल स्टाफ की मदद से कमरा खुलवाया गया तो अंदर का नजारा देख सभी सन्न रह गए।
मृतकों की पहचान आधार कार्ड से सागर पुत्र विजेंद्र निवासी नाथूखेड़ी, कोतवाली मंगलौर उम्र करीब 23 वर्ष व मंजू पत्नी संदीप निवासी हरजौली जट, कोतवाली मंगलौर उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई। दोनों बिस्तर पर चित पड़े थे और मुंह से झाग निकल रहा था।पुलिस ने तुरंत दोनों के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के लिए शवों को रुड़की सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। कोतवाली रुड़की प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

