Breaking
14 Oct 2026, Wed

लक्सर में नकली पनीर फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 कुंतल माल नष्ट

हरिद्वार:(जीशान मलिक) नवरात्र और दीपावली पर मिलावटखोरों पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लक्सर के संघीपुर गढ़ी में चल रही पनीर निर्माण इकाई पर छापा मारकर टीम ने करीब 10 कुंतल नकली पनीर और कच्चा माल मौके पर ही नष्ट करा दिया। फैक्ट्री को सील कर लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह कार्रवाई उपायुक्त गढ़वाल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में की गई। टीम ने 13 अक्टूबर की मध्यरात्रि से 14 अक्टूबर सुबह तक थाना कोतवाली लक्सर क्षेत्र में छापेमारी की। टीम में सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, योगेंद्र पांडेय और पवन कुमार शामिल रहे। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह द्वारा उपलब्ध कराए गए पुलिस बल ने भी सहयोग किया।

“पाम ऑयल और मिल्क पाउडर से बन रहा था पनीर”

मौके पर एल्युमीनियम के बड़े टब, डीप फ्रीजर में रखा करीब 3 कुंतल तैयार पनीर और 6 कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर मिला। जांच में 15 किलो वाले बेस्ट चॉइस रिफाइंड पामोलीन ऑयल के 6 भरे टिन (90 किलो), 26 खाली टिन और 25 किलो वाले स्किम्ड मिल्क पाउडर के 10 खाली बोरे बरामद हुए।विभाग के अनुसार मौके पर पामोलीन ऑयल और स्किम्ड मिल्क पाउडर से पनीर बनाया जा रहा था। बता दें कि खाद्य आयुक्त द्वारा 7 अगस्त 2026 को ही एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है।

“गड्ढा खोदकर नष्ट कराया माल”

टीम ने मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर 3 कुंतल तैयार पनीर, 6 कुंतल सेमी प्रोसेस्ड पनीर और 90 किलो पामोलीन ऑयल नष्ट करा दिया। कुल करीब 10 कुंतल सामग्री नष्ट की गई। इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद कर नोटिस चस्पा कर दिया गया है।फैक्ट्री संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। खुले पनीर और तेल के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं। विभाग ने कहा है कि त्योहारों तक मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *