Breaking
21 Apr 2026, Tue

रुड़की में जनगणना अभियान का बिगुल बजा, 10 अप्रैल से शुरू होगा पहला चरण, नगर निगम ने मांगा नागरिकों का सहयोग

रुड़की:(जीशान मलिक)नगर निगम रुड़की क्षेत्र में जनगणना अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निगम प्रशासन ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी करते हुए सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। जनगणना को सुचारू और सफल बनाने के लिए कार्यक्रम को दो चरणों में विभाजित किया गया है।

“पहला चरण: स्व-घोषणा की सुविधा 10 से 24 अप्रैल तक!

नगर निगम द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जनगणना का प्रथम चरण 10 अप्रैल से शुरू होगा। इस चरण में 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक नागरिकों को स्वयं जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा दी गई है। नागरिक घर बैठे ही पोर्टल पर लॉगिन कर अपने परिवार का विवरण भर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया तेज और सुविधाजनक होगी।

“दूसरा चरण: घर-घर जाकर होगी भवन गणना!

25 अप्रैल से 24 मई तक भवन गणना का कार्य संपन्न किया जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षित गणना कर्मी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। भवन गणना के अंतर्गत कुल 33 प्रश्नों के आधार पर डेटा संग्रह किया जाएगा।

“इन बिंदुओं पर होगी जानकारी एकत्र!

गणना के दौरान मकान की संरचना और स्थिति, परिवार के सदस्यों और परिवार प्रमुख का विवरण, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, संपत्ति और वाहन संबंधी जानकारी, खान-पान की आदतें तथा संचार माध्यमों के उपयोग जैसे बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी।

“गोपनीयता का पूरा आश्वासन…

नगर निगम ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि जनगणना के दौरान एकत्र की गई समस्त जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस डेटा का उपयोग केवल सरकारी योजनाओं के निर्माण और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।

निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपेक्षा की है कि वे गणना कर्मियों को सही, सटीक और पूर्ण जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *