देहरादून:(जीशान मलिक) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान बन्नू स्कूल ग्राउंड में बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर लोहे का बीम गिरने से कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में बड़ी संख्या में छात्रों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही थीं। इसी दौरान क्रेन के माध्यम से वाटरप्रूफ टेंट लगाए जा रहे थे, तभी लोहे का बीम कांग्रेस नेता अमर मेहता के सिर पर गिर गया।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि हादसे के बाद अमर मेहता को तत्काल सीएमआई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान अमर मेहता ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने भी उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। फिलहाल उनका पोस्टमार्टम कोरोनेशन अस्पताल में किया जा रहा है।अमर मेहता के निधन की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। बन्नू स्कूल ग्राउंड में तैयारी में जुटे कांग्रेस नेता इस घटना के बाद स्तब्ध हैं।

