रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती पर सीएम योगी ने अर्पित की श्रद्धांजलि
लखनऊ,आलम अंसारी,भगवा सनातन टाइम्स
राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में शनिवार को महान वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी ने भारत की स्वतंत्रता के लिए तानाशाही शासन के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। मातृभूमि के लिए उनका बलिदान हर भारतवासी के लिए प्रेरणा है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बदायूं में पीएसी की नई बटालियन का नाम रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर रखा गया है और वहां उनकी प्रतिमा की स्थापना का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि मातृशक्ति के सम्मान में प्रदेश सरकार ने कई कदम उठाए हैं। झांसी में रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, बांदा में महारानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज और प्रदेश में तीन नई बटालियन – वीरांगना ऊदा देवी (लखनऊ), वीरांगना झलकारीबाई (गोरखपुर) और वीरांगना अवंतीबाई लोधी (बदायूं) – की स्थापना की गई है।

इस मौके पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह पटेल, मेयर सुषमा खर्कवाल समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए और लोगों ने उनके शौर्य एवं बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।

