देहरादून:(जीशान मलिक) रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उत्तराखंड सरकार ने 28 और 29 अगस्त 2026 को राज्य की महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट देने का निर्णय लिया है। इस दौरान महिलाएं प्रदेश के भीतर रोडवेज की बसों में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
इस संबंध में उत्तराखंड शासन की ओर से शासनादेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के अनुसार 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं से निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं लिया जाएगा।रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। ऐसे में सरकार के इस निर्णय से महिलाओं को पर्व के दौरान आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही आर्थिक राहत भी मिलेगी। सरकार का उद्देश्य रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सुगम और सुलभ सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी की ओर से जारी शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा सुविधा दिए जाने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।सरकार के इस फैसले को रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

